संवाददाता। एनटीपीसी रिहन्द बिजलीघर की 500 मेगावाट क्षमता की दो और अनपरा बिजलीघर की पांच सौ मेगावाट क्षमता की एक तथा 210 मेगावााट की एक इकाइयों से उत्पादन ठप हो गया है। तकनीकी कारणों से 1710 मेगावाट क्षमता की बंद हुई इन इकाइयों के अतिरिक्त निजी क्षेत्र एलपीजीसीएल ललितपुर की भी 1320 मेगावाट की दो इकाइयों से ब्वायलर ट्यूब लिकेज के कारण उत्पादन ठप हो जाने और अनपरा-रोजा की आठ सौ मेगावाट की दो इकाइयां अनुरक्षण पर बंद होने से प्रदेश का उत्पादन बुरी तरह लुढ़क गया।
बिजली खपत बेहद कम होने के बाद भी मांग पूरी करने को महंगी बिजली वाले बिजलीघरों से आपूर्ति लेकर हालात सम्भालें गये। सिस्टम कंट्रोल के मुताबिक एनटीपीसी रिहन्द की पांच सौ मेगावाट की पांचवी और छठवीं इकाई से जनरेटर ट्रांसफार्मर प्रोटेक्शन आपरेट होने से सोमवार 11 नवम्बर सुबह 01:13 पर उत्पादन बंद हो गया। इन इकाइयों को चालू करने के प्रयास युद्ध स्तर पर जारी थे। इससे पूर्व अनपरा डी बिजलीघर की पांच सौ मेगावाट की छठी इकाई को टरबाइन की समस्या के कारण रविवार अपरान्ह 13:59 पर बंद कर दिया गया था। इस बिजलीघर की 210 मेगावाट की तीसरी इकाई तकनीकी कारणों से बंद हो गयी है। निजी क्षेत्र एलपीजीसीएल की पहली व दूसरी इकाइयां भी बीटीएल के कारण रविवार को बंद हो जाने से मुश्किलें काफी बढ़ गयी है।

