सोनभद्र : राबर्ट्सगंज पुलिस ने अवैध खनन मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान आदित्य तिवारी के रूप में हुई है। वह दुर्गा नगर डाला बाजार, थाना चोपन का रहने वाला है।
रॉबर्ट्सगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 20/2025 में आदित्य तिवारी वांछित था। यह मामला भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के साथ उत्तर प्रदेश उपखनिज परिहार नियमावली, खान व खनिज अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उप निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चौकी लोढी की टीम ने 14 अगस्त को शाम 5:55 बजे लगडा मोड डाला से 26 वर्षीय आदित्य को गिरफ्तार किया। टीम में हेड कांस्टेबल अभिमन्यु यादव और कांस्टेबल अंबुज भी शामिल थे।
पुलिस अब आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। यह गिरफ्तारी रॉबर्ट्सगंज पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।

