नौगढ़ में कुएं में गिरने से 50 वर्षीय अधेड़ की मौत, गोलाबाद गांव में पसरा मातम

सुबह घर से निकले परमानंद विश्वकर्मा का कुएं में मिला शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा; पैर फिसलने की आशंका


रिपोर्ट: मदन मोहन चंदौली जनपद के नौगढ़ थाना क्षेत्र के गोलाबाद गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय परमानंद विश्वकर्मा की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया जाता है कि रविवार सुबह परमानंद विश्वकर्मा किसी कार्य से घर से निकले थे। इसी दौरान वह गांव के एक कुएं के पास पहुंचे, जहां अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरे। कुछ देर बाद घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही यूपी डायल-112 की पुलिस टीम तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद परमानंद को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।


मृतक की पहचान परमानंद विश्वकर्मा (50 वर्ष) पुत्र रामाधार विश्वकर्मा, निवासी ग्राम गोलाबाद, थाना नौगढ़ के रूप में हुई। ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से कुछ कमजोर थे। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पैर फिसलने के कारण कुएं में गिरने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस हृदयविदारक घटना से गोलाबाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

ये भी पढ़िए