लखनऊ : राजकीय शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश महामन्त्री डॉ अशोक कुमार अवाक ने माध्यमिक शिक्षा राज्य मन्त्री गुलाब देवी से वर्तमान शैक्षिक सत्र: 2026-27 में घोषित होने वाली स्थानान्तरण नीति में राजकीय माध्यमिक शिक्षकों के हितों को दृष्टिगत रखते हुए संशोधन की माॅंग की है। डॉ अवाक का कहना है कि आकांक्षी जनपदों में तैनात शिक्षक/शिक्षिकाओं को 5 वर्ष की सेवा पूर्ण होने के पश्चात अपने गृह जनपद में स्थानान्तरण की सुविधा दी जाए। अन्य जनपदों में शिक्षक-शिक्षिकाओं को ऑनलाइन स्थानान्तरण में विद्यालयों में शिक्षकों की संख्या का प्रतिबन्ध समाप्त किया जाए। पिछले वर्ष अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों को ऑफलाइन स्थानान्तरण दिया गया था, किन्तु राजकीय माध्यमिक शिक्षक इस सुविधा से वंचित रह गए थे । प्रान्तीय महामन्त्री ने माॅंग की है कि इस बार उन्हें भी यह अवसर प्रदान किया जाए। इसके अलावा संघ की माॅंग है कि पूरे प्रदेश के सभी विद्यालयों की रिक्तियों को ऑनलाइन पोर्टल पर प्रदर्शित किया जाए और इस क्रम में प्रतिस्थानी की व्यवस्था को समाप्त किया जाए अथवा इसे शासन के स्तर से किया जाए क्योंकि शिक्षकों के पास स्वयं यह करने की कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। डॉ अवाक के अनुसार ये संशोधन आवश्यक हैं जिससे कि अधिकाधिक शिक्षक सरकार द्वारा घोषित स्थानान्तरण नीति का लाभ उठा सकें।

