सोनभद्र: मंदिर में चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, दानपात्र की नकदी व चांदी के टुकड़े बरामद

अनपरा (सोनभद्र)। स्थानीय पुलिस ने मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए चांदी के सर्पनुमा टुकड़े और दानपात्र से उड़ाए गए २१०० रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक के खिलाफ पहले से ही आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के निर्देशन में अनपरा पुलिस टीम सक्रिय थी। शुक्रवार शाम करीब ७:२१ बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मंदिर चोरी से संबंधित वांछित अभियुक्त बिछड़ी अण्डर पास ब्रिज रेलवे क्रासिंग के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।

बरामदगी और आपराधिक इतिहास

पुलिस ने अभियुक्तों के पास से दो अदद सर्पनुमा सफेद धातु (चांदी) के टुकड़े और २१०० रुपये नकद बरामद किए हैं। गौरतलब है कि अभियुक्त घमड़ी एक शातिर अपराधी है, जिस पर चोरी, एनडीपीएस एक्ट और माल बरामदगी से संबंधित पूर्व में ६ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सागर उर्फ टाफी पर भी मादक पदार्थों की तस्करी (NDPS Act) का मामला दर्ज है।
पुलिस टीम की कार्रवाई

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में अनपरा थाने के उपनिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द दास, कांस्टेबल रमेश गौड़, अजीत यादव, संतोष कुमार और पंकज यादव शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएस (BNS) की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए शनिवार को उन्हें न्यायालय पेश किया गया।

ये भी पढ़िए