चोपन पुलिस को मिली सफलता: सवा किलो गांजे के साथ अधेड़ तस्कर गिरफ्तार

चोपन (सोनभद्र) जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चोपन पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने बुधवार रात घेराबंदी कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 1 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना चोपन पुलिस बुधवार रात क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान रात करीब 08:25 बजे रेलवे क्रासिंग के पास निर्माणाधीन अंडरपास के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देख भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर दबोच लिया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान जगजीवन जायसवाल (52 वर्ष) पुत्र स्व. पुसई जायसवाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जनपद सीधी (मध्य प्रदेश) के मड़वास थाना क्षेत्र के दरीमडोल का निवासी है, जो वर्तमान में चोपन रेलवे स्टेशन के पीछे रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद प्लास्टिक के झोले से 1 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध थाना चोपन में मु0अ0सं0 175/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा के साथ उप-निरीक्षक रामज्ञान सिंह यादव, हेड कांस्टेबल वीरेन्द्र कुमार और कांस्टेबल मंटू सिंह मुख्य रूप से शामिल रहे।

ये भी पढ़िए