सोनभद्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान तेज, 144 वार्डों में चला विशेष स्वच्छता अभियान

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र, : संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जिले में गुरुवार को व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देशन में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत ग्राम पंचायतों, विद्यालयों और शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई के साथ लोगों को रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, खराब हैंडपंपों की मरम्मत तथा जलभराव वाले स्थानों की साफ-सफाई कराई गई। उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर संचारी रोगों के फैलाव को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम पंचायत सहायकों और सफाईकर्मियों ने घर-घर पहुंचकर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, मच्छरों से बचाव, साफ पेयजल के उपयोग तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी। वहीं विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए गए।
अभियान के दौरान जिले के 52 गांवों में नालियों की सफाई, 97 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई, 16 हैंडपंपों की मरम्मत तथा 144 वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। इसके अलावा 26 पशुपालकों को जागरूक किया गया तथा 21 कृषक संवाद बैठकों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं संचारी रोगों की रोकथाम संबंधी जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

ये भी पढ़िए