नौगढ़ में अपराधियों के हौसले बुलंद! 2 घंटे में 2 फायरिंग से दहला इलाका, बाजार में मचा हड़कंप

नौगढ़ (मदन मोहन)चंदौली। थाना नौगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार की शाम अपराधियों ने पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए महज दो घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया। शाम के व्यस्त समय में हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पहली घटना शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच भरदुआ राजवाहा पुल के पास हुई। ग्राम मझगवां निवासी मोबाइल दुकानदार दैवज्ञ विश्वकर्मा पर पुरानी रंजिश के चलते हमला किया गया। परिजनों के अनुसार करीब छह माह पहले मोबाइल को लेकर भरदुआ गांव निवासी विकास से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपी ने रास्ते में रोककर गोली चला दी, जिससे दैवज्ञ के हाथ में गोली लग गई। घटना के बाद आरोपी असलहा लहराते हुए फरार हो गया। घायल को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दूसरी घटना शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच मझगाईं स्थित देसी शराब की दुकान के पास हुई। बताया जा रहा है कि बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ मनबढ़ युवकों ने अधिवक्ता अजीत कुमार से विवाद किया। मामला बढ़ने पर आरोपियों ने असलहा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
सीओ नौगढ़ देवेंद्र कुमार ने बताया कि पहली घटना की जानकारी सही पाई गई है। मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। वहीं दूसरी घटना में भी जांच की जा रही है।
लगातार दो फायरिंग की घटनाओं से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने शाम के समय बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़िए