सोनभद्र में ट्रैफिक व्यवस्था पर SP का बड़ा एक्शन प्लान!

डग्गामार वाहनों से लेकर ओवरलोडिंग, अवैध हूटर-साइलेंसर तक पर सख्ती; कांवड़ यात्रा के लिए भी तैयार हुआ ट्रैफिक प्लान


सोनभद्र। जिले में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने और सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में अधिकारियों के साथ हाईलेवल समीक्षा बैठक की। बैठक में साफ संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ और यातायात नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ेगी।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक यातायात, सभी थाना प्रभारी एवं यातायात पुलिस के उपनिरीक्षक मौजूद रहे। डग्गामार वाहनों और अवैध पार्किंग पर कसेंगे शिकंजा एसपी ने डग्गामार बसों एवं अन्य वाहनों के कारण प्रभावित हो रही यातायात व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए ऐसे स्थानों को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्धारित ऑटो, टैम्पू और बस स्टैंड के अलावा कहीं भी वाहनों के अनधिकृत संचालन एवं पार्किंग पर रोक लगाने को कहा गया।
डार्क स्पॉट बने निशाने पर, हादसे रोकने की तैयारी
बैठक में जिले के एक्सीडेंटल डार्क स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की भी गहन समीक्षा हुई। एसपी ने संबंधित विभागों के समन्वय से जरूरी सुरक्षात्मक एवं सुधारात्मक कार्य कराने पर जोर दिया, ताकि सड़क हादसों पर लगाम लगाई जा सके। स्कूली वाहनों में ओवरलोडिंग मिली तो होगी कार्रवाई बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ओवरलोड स्कूली रिक्शा और ऑटो के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश दिए गए। क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर चलने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।


बार-बार नियम तोड़ने वालों का लाइसेंस-परमिट होगा निशाने पर


लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले Multiple Violations वाले वाहन चालकों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस और परमिट निरस्तीकरण की कार्रवाई की समीक्षा भी की गई। अवैध हूटर और साइलेंसर पर भी पुलिस की नजर
वाहनों में लगाए जा रहे अवैध हूटर और साइलेंसर के खिलाफ चल रही कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। एसपी ने ऐसे वाहनों को चिन्हित कर नियमों के मुताबिक प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखने के निर्देश दिए।


कांवड़ यात्रा को लेकर भी पुलिस अलर्ट


आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी पर जोर दिया गया। रूट प्लान, डायवर्जन, पुलिस बल की तैनाती और यातायात नियंत्रण की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ आमजन की आवाजाही सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।
एसपी का स्पष्ट संदेश—सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ निष्पक्ष और लगातार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डार्क स्पॉट, ओवरलोडिंग, अवैध पार्किंग, डग्गामार वाहनों, हूटर और साइलेंसर के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आमजन की सुगम आवाजाही के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान को जमीन पर उतारने के भी निर्देश दिए गए।

ये भी पढ़िए