विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में खाया कीटनाशक, सीएचसी दुद्धी में भर्ती

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के दीघुल गांव में शुक्रवार अपराह्न एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में कीटनाशक पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुद्धी पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, दीघुल निवासी अफसाना बीबी (30) पत्नी रईस कौशर ने शुक्रवार करीब तीन बजे किसी बात से क्षुब्ध होकर घर में रखी चूहा मार दवा (कीटनाशक) का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस टीम के ईएमटी दीपक कुमार और चालक गौतम ने महिला को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। जहां चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार की देखरेख में महिला का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर है।
पति रईस कौशर ने बताया कि घटना के समय वह घर पर अकेली थी और किसी कारणवश उसने चूहा मार दवा का सेवन कर लिया। फिलहाल महिला का इलाज सीएचसी दुद्धी में जारी है।

ये भी पढ़िए