तकनीक से तरक्की की ओर बढ़ रहे सोनभद्र के विद्यार्थी

सोनभद्र,। बदलते दौर के साथ सोनभद्र के विद्यालयों में शिक्षा का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। बच्चों को किताबों के ज्ञान के साथ आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और कंप्यूटर शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण और तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है।
जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने बताया कि उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में डिजिटल संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों के सीखने के अनुभव को अधिक रोचक, सहज और प्रभावी बनाया जा रहा है। स्मार्ट क्लास में कठिन विषयों को चित्र, वीडियो, डिजिटल कंटेंट और गतिविधि आधारित शिक्षण के जरिए सरल तरीके से समझाया जा रहा है।
वहीं आईसीटी लैब और कंप्यूटर शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी तकनीक का व्यावहारिक ज्ञान हासिल कर रहे हैं। इससे उनमें विषयों के प्रति रुचि बढ़ने के साथ-साथ तार्किक क्षमता, रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और डिजिटल कौशल का भी विकास हो रहा है।
ग्रामीण बच्चों को मिल रहा आधुनिक शिक्षा का अवसर
ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शिक्षा की पहुंच शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव ला रही है। अब बच्चे केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल माध्यमों से ज्ञान की व्यापक दुनिया से जुड़ रहे हैं। इससे उनमें भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप खुद को तैयार करने का आत्मविश्वास भी बढ़ रहा है।
विद्यालयों में उपलब्ध डिजिटल संसाधनों के बेहतर उपयोग और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि सोनभद्र का प्रत्येक बच्चा आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान से सशक्त होकर अपनी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाए।
स्मार्ट क्लास से स्मार्ट भविष्य की ओर बढ़ता सोनभद्र शिक्षा और तकनीक के मेल से विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

ये भी पढ़िए