रिपोर्ट मदन मोहन नौगढ़/चकिया (चंदौली): तहसील क्षेत्र के विशेषरपुर गांव में शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव निवासी रामधनी (80 वर्ष), पुत्र भगवान, अपने घर के समीप मौजूद थे। इसी दौरान कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर ढह गई, जिसकी चपेट में आने से वृद्ध रामधनी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों और परिजनों ने कड़ी मशक्कत कर मलबे को हटाया और वृद्ध को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) चकिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के भरसक प्रयास के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वृद्ध की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।
घटना की जानकारी मिलते ही आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने चकिया सामुदायिक अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
इस दौरान आजाद समाज पार्टी व भीम आर्मी के नेताओं ने दुख व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से मांग की है कि मृतक के पीड़ित परिवार को ‘दैवीय आपदा राहत कोष’ के तहत तत्काल उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए तथा परिवार को पक्का मकान मुहैया कराया जाए।
प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत मृतक के शव का पोस्टमार्टम रविवार सुबह जिला अस्पताल चंदौली में कराया जाएगा, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार हेतु परिजनों को सौंपा जाएगा।

