जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)।क्षेत्र में रविवार को सर्पदंश की तीन घटनाएं सामने आईं। विंढमगंज थाना के धूमा गांव में एक महिला को अज्ञात विषैले जंतु ने काट लिया, जबकि रजखड़ गांव और पिपरखाड़ थाना कोन में दो व्यक्तियों को सांप ने डस लिया। तीनों को परिजनों ने निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह के पर्यवेक्षण में उनका उपचार जारी है।
पहली घटना में परिजनों के अनुसार धूमा गांव निवासी अनीता देवी (33) पत्नी संतोष रविवार सुबह करीब साढ़े दस बजे घर से लगभग 100 मीटर दूर बकरियों को बांधने गई थीं। इसी दौरान खूंटे में छिपे अचानक अज्ञात विषैले जंतु ने उनके दाएं हाथ में काट लिया। घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल निजी साधन से सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे।
दूसरी घटना में रजखड़ गांव निवासी अमिताभ मौर्या (50) पुत्र जखन रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बकरियों को चराने गए थे। इसी दौरान अज्ञात सर्प ने उनके बाएं पैर में डस लिया। परिजन उन्हें भी निजी साधन से सीएचसी दुद्धी लेकर पहुंचे।

तीसरी शाम की घटना में शैलेश यादव (27) पुत्र जयराम यादव निवासी पिपरखाड़ कोन, आज दोपहर करीब पौने तीन बजे अपने मक्का की फसल देखने खेत की तरफ गए थे। खेत की मेढ़ में धामिन सर्प ने उनके बाएं पैर में काट लिया। उन्हें भी निजी साधन से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया।
चिकित्सक डॉ. विनोद सिंह ने बताया कि तीनों मरीजों को प्राथमिक उपचार देने के बाद चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। फिलहाल तीनों की स्थिति स्थिर है और इलाज जारी है।

