सोनभद्र,। सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रमिकों के स्वास्थ्य संरक्षण और कल्याण को लेकर श्रम विभाग की ओर से चलाए जा रहे श्रमिक स्वास्थ्य सम्मान शिविर अभियान के क्रम में गुरुवार को अनपरा स्थित मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सकों ने सैकड़ों श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और जरूरत के अनुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया।
जिलाधिकारी के निर्देशन एवं उप श्रमायुक्त, मिर्जापुर क्षेत्र, पिपरी-सोनभद्र के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर के दौरान श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ ही श्रम विभाग एवं उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
उप श्रमायुक्त ने बताया कि श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जनपद के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 06 अक्टूबर को अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री और 07 अक्टूबर को ग्रासिम इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं निःशुल्क औषधि वितरण किया गया।
इससे पहले सितंबर माह में 24 सितंबर को रेनूसागर पावर प्लांट, 25 सितंबर को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, 26 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी तथा 27 सितंबर को प्रसाद कुंवर हॉस्पिटल दुद्धी में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए थे।
श्रम विभाग द्वारा 24 से 27 सितंबर तथा 06 से 08 अक्टूबर तक जनपद के विभिन्न लेबर अड्डों एवं निर्माण स्थलों पर विशेष जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया। अभियान के दौरान निर्माण श्रमिकों के पंजीयन एवं नवीनीकरण के साथ उन्हें श्रमिक हितकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
उप श्रमायुक्त ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने, सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा शासन एवं श्रमिक कल्याण बोर्ड की योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से श्रमिकों में स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनके जीवन स्तर में सुधार की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

