रिपोर्ट मदन मोहन चंदौली: बहुजन समाज को राजनीतिक और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने वाले महानायक मान्यवर कांशीराम साहब के 20वें परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर अमदहा ग्राम पंचायत (नौगढ़) का अंबेडकर पार्क ऐतिहासिक सामाजिक विमर्श का गवाह बना। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चकिया विधानसभा से समाजवादी पार्टी के भावी प्रत्याशी व पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र कुमार राव ने शिरकत की और शोषितों-वंचितों के हक की लड़ाई को अंतिम सांस तक लड़ने की हुंकार भरी।
“वोट हमारा, राज तुम्हारा—नहीं चलेगा!”
गोष्ठी को संबोधित करते हुए महेंद्र कुमार राव ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और मान्यवर कांशीराम साहब के विचारों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने संविधान के जरिए समानता और न्याय का अधिकार दिया, जिसे मान्यवर कांशीराम जी ने जमीनी राजनीति में बदलकर बहुजन समाज को सिर उठाकर जीने का जरिया दिया।
महेंद्र राव ने “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” और “वोट हमारा, राज तुम्हारा—नहीं चलेगा, नहीं चलेगा” के नारों से माहौल में नया जोश भर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नीति-निर्धारण और सत्ता में बहुजन समाज की भागीदारी के बिना सच्चा लोकतंत्र कायम नहीं हो सकता।
भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार, बेरोजगारी और तानाशाही का उठाया मुद्दा
प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए महेंद्र राव ने कहा कि वर्तमान शासन में दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों के अधिकारों और आरक्षण पर सीधा हमला हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज बेरोजगारी, तानाशाही और गरीबों का उत्पीड़न चरम पर है।
उन्होंने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा, “यदि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय अखिलेश यादव जी मुझे चकिया से सेवा का मौका देते हैं और आपके आशीर्वाद से मैं विधायक बनता हूँ, तो मेरी पहली और सर्वोच्च प्राथमिकता गरीबों, दलितों व वंचितों के अधिकारों की रक्षा करना होगी।”
बिरहा के सुरों में गूँजी परिवर्तन की गूँज
कार्यक्रम में बिरहा जगत के सुप्रसिद्ध कलाकार दर्शन गांधी ने अपनी सुरीली और धारदार गायकी से ऐसा समां बाँधा कि पूरा प्रांगण तालियों से गूँज उठा। उन्होंने अपने गीतों के माध्यम से महेंद्र राव को सपा से टिकट देने और जनता से उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की भावुक अपील की।
दिग्गजों की रही मौजूदगी
श्यामलाल भारती की अध्यक्षता और मल्लू राम के कुशल संचालन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में अमदहा के प्रधान पति जिलाजीत, सपा बाबा साहब वाहिनी के जिलाध्यक्ष सुमित कुमार, विजयी, रामबृक्ष यादव, महेंद्र, चंद्रभान, गोलू, रामअवध बांस, अर्जुन, शोभित कुमार, लालचंद प्रधान, रामप्रसाद, सुरेश कुमार, तहसीलदार, चिरंजीव लाल सिंह यादव, अरुण कुमार त्यागी, संदीप कुमार, परदेशी राव, संतोष कुमार, अमरजीत यादव, रमाशंकर सिंह सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, ग्रामीण महिलाएं व बुजुर्ग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन संविधान की रक्षा और मान्यवर कांशीराम साहब के सपनों को पूरा करने के दृढ़ संकल्प के साथ हुआ।

