(ऋषभ सिंह)सोनभद्र | जनपद में आगामी 26 जून को मनाए जाने वाले मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और अपर पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें धर्मगुरुओं, ताजियादारों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
जिलाधिकारी ने जारी की गाइडलाइंस
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम का आयोजन पूरी तरह से निर्धारित नियमों और अनुशासन के दायरे में होगा। उन्होंने प्रशासन की ओर से निम्नलिखित निर्देश जारी किए हैं:
- ताजिया की ऊंचाई: ताजिया की ऊंचाई किसी भी स्थिति में 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए।
- नई परंपरा पर रोक: किसी भी प्रकार की नई परंपरा की शुरुआत करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
- कर्बला: ताजिया का दफन पूर्व से निर्धारित कर्बला स्थलों पर ही सुनिश्चित किया जाएगा।
- अस्त्र-शस्त्र: जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन या प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
- पेड़ों की छंटाई: जुलूस मार्ग पर पेड़ों की डालियों को काटने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रामक सूचनाएं, अफवाहें या सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने वाली सामग्री फैलाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।

ध्वनि प्रदूषण और सुरक्षा पर जोर
अपर पुलिस अधीक्षक ने डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के प्रयोग पर शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। सीमा से अधिक ध्वनि पाए जाने पर कार्रवाई तय है। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समितियों की बैठकें करने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्युत और नागरिक सुविधाएं
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि जुलूस मार्गों पर लटक रहे ढीले तारों को तत्काल दुरुस्त किया जाए। इसके अलावा, जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) बागीश कुमार शुक्ल, उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

