चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में एक शातिर घायल, 5 तस्कर दबोचे गए

एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल, मैजिक चालक समेत पांच गिरफ्तार; तमंचा, कारतूस, वाहन व नकदी बरामद


रिपोर्ट: मदन मोहन | चंदौली : जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चकिया पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार तड़के अंतरजनपदीय मवेशी चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि मैजिक पिकअप चालक सहित चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी में प्रयुक्त मैजिक वाहन तथा नकदी बरामद की है।


भैंस चोरी के प्रयास के दौरान ग्रामीणों के शोर से भागे बदमाश


शनिवार सुबह करीब चार बजे डायल-112 और कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि थाना चकिया क्षेत्र के भभौरा नाका (ग्राम बमहोरा) के पास सड़क किनारे बंधी भैंसों को नीले रंग की मैजिक पिकअप से आए बदमाश चुराने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों के जाग जाने और शोर मचाने पर आरोपी वाहन लेकर गरला की ओर भाग निकले।


घेराबंदी के बाद मुठभेड़, एक बदमाश घायल


सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह और एसओजी प्रभारी रामजनम यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लतीफशाह पहाड़ी मार्ग पर संदिग्ध वाहन को घेर लिया। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे। चार आरोपियों को मौके पर दबोच लिया गया, जबकि एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में करन सिंह चौहान के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को संयुक्त जिला चिकित्सालय चकिया में भर्ती कराया गया।


पूछताछ में कई चोरी की घटनाओं का खुलासा


गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर रात में ग्रामीण क्षेत्रों से भैंस और पड़िया चोरी कर वाराणसी के कज्जाकपुरा तथा दुल्हीपुर में बेचते थे। गिरोह ने इलिया, शहाबगंज और चकिया थाना क्षेत्रों में हाल में हुई कई मवेशी चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़िए