सोनभद्र। जिले में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चोपन और बीजपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। दोनों थानों की संयुक्त टीमों ने छापेमारी कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चोरी की कुल 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
चोपन पुलिस ने खंडहर से बरामद कीं 4 बाइक
थाना चोपन पुलिस ने चेकिंग के दौरान बैगा टोला मार्ग से राजेश गौड़ नामक युवक को पकड़ा। वह बिना नंबर प्लेट की अपाची बाइक पर सवार था। पूछताछ में बाइक चोरी की निकली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने क्षेत्र के एक सुनसान खंडहर में छिपाकर रखी गईं 3 अन्य चोरी की बाइकें भी बरामद कर लीं। पुलिस के अनुसार, आरोपी बरामद अपाची बाइक को बेचने के उद्देश्य से बिहार ले जाने की फिराक में था। पकड़े गए राजेश गौड़ ने अपने अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

बीजपुर में हिस्ट्रीशीटर चढ़ा पुलिस के हत्थे
वहीं, थाना बीजपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश सीमा के पास सिरसोती से कुख्यात अपराधी रामदिहल प्रजापति को गिरफ्तार किया। उसके पास से 4 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। बीजपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि रामदिहल एक शातिर अपराधी है, जो बीजपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। उसके विरुद्ध चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसी संगीन धाराओं में पहले से आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं और उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है।
अवैध धंधे पर पुलिस की चोट
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में हुई इस संयुक्त कार्रवाई में बरामद की गई 8 मोटरसाइकिलों में अपाची, स्प्लेंडर और होण्डा ड्रीम योगा शामिल हैं। बरामद एक अपाची बाइक मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका इस ऑपरेशन को सफल बनाने वाली टीम में चोपन से प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, उपनिरीक्षक घनश्याम तिवारी, दुनिया सिंह, श्री प्रकाश और बीजपुर से थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक कमलाकांत पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

