सोनभद्र: जेल लोक अदालत में निस्तारित हुए मामले, एक बंदी ने जुर्म स्वीकार कर पाए तीन मामलों से छुटकारा

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देशों और माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार बुधवार को जिला कारागार सोनभद्र में ‘साप्ताहिक जेल लोक अदालत’ का आयोजन किया गया। इस दौरान विधिक प्रक्रिया के माध्यम से बंदियों को त्वरित न्याय दिलाने का प्रयास किया गया।

10 मामले किए गए थे चिन्हित

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव (पूर्णकालिक) राहुल, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) ने जानकारी देते हुए बताया कि जेल लोक अदालत में न्यायिक प्रक्रिया के लिए कुल 10 मामले चिन्हित किए गए थे। इनमें से एक अभियुक्त ने अपने तीन अलग-अलग मामलों में स्वेच्छा से जुर्म स्वीकार किया, जिसके आधार पर मौके पर ही श्री अजय सिंह द्वितीय (अपर सिविल जज, सी.डी./ए.सी.जे.एम.) द्वारा उसके मामलों का निस्तारण कर दिया गया।

इनकी रही मौजूदगी

जेल लोक अदालत के सफल आयोजन के दौरान प्रभारी अधीक्षक/जेलर श्री अरविंद कुमार सिन्हा, उप कारापाल श्री शशांक पटेल और असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल के श्री जय प्रकाश मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
न्यायिक अधिकारियों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य उन बंदियों को कानूनी राहत प्रदान करना है जो छोटे अपराधों में लंबे समय से निरुद्ध हैं और अपना अपराध स्वीकार कर सुधार की राह पर चलना चाहते हैं।

ये भी पढ़िए