साइबर ठगी में गंवाए 9960 रुपये वापस मिले, चोपन पुलिस की साइबर टीम ने पीड़ित के खाते में लौटाई रकम

सोनभद्र : साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। थाना चोपन के निवासी राज मोर्य को अज्ञात व्यक्तियों ने क्रेडिट कार्ड का ऑफर देकर ठग लिया था। आरोपियों ने ओटीपी के जरिए उनके खाते से 9,960 रुपये निकाल लिए थे।

पीड़ित ने 21 अगस्त को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर थाना चोपन की साइबर टीम ने तुरंत कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में टीम ने संबंधित खाते को होल्ड करवाया।

साइबर टीम ने पोर्टल से सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए और बैंक से पत्राचार किया। इसके बाद 26 अगस्त को पीड़ित के खाते में पूरी रकम वापस करवा दी गई। टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया और साइबर हेल्प डेस्क के कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल थे।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। साथ ही cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है।

ये भी पढ़िए