विकास कार्यों में तेजी लाकर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के दिए निर्देश
जनप्रतिनिधियों के सुझावों को प्राथमिकता के साथ लेते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करें : मंडलायुक्त
सोनभद्र : विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त एवं जनपद के नोडल अधिकारी श्री राजेश प्रकाश ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में माननीय जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद में चल रहे विकास कार्यों एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में माननीय सदर विधायक श्री भूपेश चौबे सहित जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
बैठक में जनपद के विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्रीय विकास से संबंधित दिए गए सुझावों एवं समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा करने, कार्यों में अनावश्यक विलंब न होने देने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय से पहुंचाने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर पुलिस अधीक्षक ऋषभ कुनाल सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

