सोनभद्र। जनसुनवाई को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक फरियादी को समय पर न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, निष्पक्षता और पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए।
डीएम ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से बैठकर जनसुनवाई करें, ताकि लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही त्वरित समाधान हो सके। साथ ही तहसील और विकास खंड मुख्यालयों पर भी नियमित जनसुनवाई आयोजित कर अधिकतम शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध और संतोषजनक समाधान करना है। आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण ही सुशासन की पहचान है और इससे प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

