कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरियों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का हुआ निरीक्षण

(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में मंगलवार को जनपद के विभिन्न कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) ने कुल आठ संस्थानों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा उपायों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान रॉबर्ट्सगंज स्थित युवा डिजिटल लाइब्रेरी एवं शिफ्ट कम्प्यूटर क्लासेस, ओबरा स्थित पूनम तनेजा मेमोरियल क्लासेस, स्काई कोचिंग सेंटर और भाभा कोचिंग सेंटर, जबकि दुद्धी स्थित द विजडम लाइब्रेरी, जया डिजिटल लाइब्रेरी तथा सक्सेस लाइब्रेरी की सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने संस्थान संचालकों को निर्देश दिया कि आपातकालीन निकास द्वार हमेशा खुले और अवरोधमुक्त रहें तथा अग्निशमन उपकरणों को पूरी तरह क्रियाशील अवस्था में रखा जाए। साथ ही कर्मचारियों और संचालकों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी देकर अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान का उद्देश्य छात्रों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

ये भी पढ़िए