अनपरा : पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी के कुशल मार्गदर्शन में थाना अनपरा पुलिस द्वारा चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना से संबंधित बरामदगी की गई। फार्मासिस्ट प्रवीण कुमार सिंह द्वारा थाना अनपरा पर सूचना दी गई कि नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अनपरा में रात्रि में अज्ञात चोरों द्वारा दरवाजे तोड़कर अंदर से एक फ्रिज, एक टीवी, एक घड़ी, एक इन्वर्टर तथा एक बैटरी चोरी कर ली गई है। प्रकरण में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीमों का गठन कर निरीक्षक शिवप्रताप वर्मा व उपनिरीक्षक सच्चिदानंद दास द्वारा मुखबिर की सूचना पर अंडरपास (दोरासानी माता मंदिर के पास) क्षेत्र में चोरी की योजना बना रहे चार संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस टीमों द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अनपरा के अलावा सिंगरौली रोड स्थित रंजन विश्वकर्मा की दुकान तथा शक्तिनगर के खड़िया क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। उनके पास से चोरी की रकम में से 4200 नकद, एक नुकीली सरिया व अन्य सामान बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु चोरी करते हैं। अभियुक्तों को संबंधित विधिक धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है तथा शेष बरामदगी एवं आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। इस पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिव प्रताप वर्मा, थाना अनपरा, उपनिरीक्षक सच्चिदानंद दास थाना अनपरा, उपनिरीक्षक राजीव तिवारी थाना अनपरा, हेड कांस्टेबल रामाश्रय यादव, हेड कांस्टेबल मिथिलेश भारती, का0 शशि भूषण, का0 अजीत यादव, का0 रमेश गोड़ शामिल रहे।

