अनपरा (सोनभद्र)। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में नगर पंचायत अनपरा के वार्ड संख्या-20 टैगोर नगर स्थित आदर्श पोखरा में रविवार को व्यापक पौधरोपण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व वार्ड के सभासद जैनुल आबेदीन (उर्फ) जोनी ने किया। इस दौरान नगर पंचायत के सफाईकर्मियों एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से दर्जनों छायादार एवं फलदार पौधे रोपे गए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया गया। पौधरोपण के दौरान सभासद जैनुल आबेदीन ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, लगातार बढ़ते तापमान और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी सुरक्षा भी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि पौधे केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, छाया और बेहतर जीवन भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने बताया कि आदर्श पोखरा को हराभरा और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है। आने वाले समय में भी नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कर हरित वातावरण तैयार किया जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद सफाईकर्मियों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की। अभियान के दौरान लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई एवं सुरक्षा की व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया, ताकि पौधरोपण अभियान केवल औपचारिकता न रहकर हरियाली की स्थायी पहल बन सके। इस अवसर पर सफाई नायक अमित एवं सफाई कर्मचारी और स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम बताया।

