‘हमारी कीर्ति’ अभियान का शुभारंभ, कीर्ति और गौरी के लिए सहयोग को आगे आएं जनपदवासी

दशहरा-दीपावली पर बच्चियों के जीवन में खुशियां लाने की पहल, प्रेरणा समूह की महिलाओं के ‘सोन अर्थ’ उत्पादों को देश-प्रदेश के बाजार तक पहुंचाने का भी संकल्प

सोनभद्र,। आकांक्षा समिति की अध्यक्ष आरुषी मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बाल संरक्षण, बच्चियों के सहयोग, महिला सशक्तिकरण और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इसी दौरान ‘हमारी कीर्ति’ अभियान का शुभारंभ करते हुए जनपदवासियों से बच्चियों के सहयोग के लिए आगे आने की अपील की गई।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर अध्यक्ष आरुषी मिश्रा ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर के साथ संचालित दत्तक ग्रहण इकाई में आवासित कीर्ति और गौरी के लिए दशहरा एवं दीपावली के अवसर पर समाज के लोग स्वेच्छा से सहयोग कर सकते हैं। इच्छुक लोग बच्चियों के लिए अपनी सामर्थ्य एवं इच्छानुसार सामग्री अथवा दान के रूप में सहयोग देकर अभियान से जुड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग, संवेदना और अपनत्व से बच्चियों के जीवन में खुशियां लाने का प्रयास किया जा रहा है। दत्तक ग्रहण इकाई में आवासित बच्चों को गोद लेने की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक के मोबाइल नंबर 8318359154 पर संपर्क कर सकते हैं।
‘सोन अर्थ’ उत्पादों को मिलेगी बाजार में नई पहचान
बैठक में प्रेरणा समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे ‘सोन अर्थ’ उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। आरुषी मिश्रा ने कहा कि आकांक्षा समिति इन स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग, प्रचार-प्रसार और बाजार से जुड़ाव के लिए कार्य करेगी, ताकि इन्हें प्रदेश और देश के बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि उत्पादों की बिक्री बढ़ने से महिला समूहों को उनके परिश्रम का बेहतर आर्थिक लाभ मिलेगा। स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए गुणवत्ता, पैकेजिंग, ब्रांडिंग तथा बाजार विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अध्यक्ष ने कहा कि ‘हमारी कीर्ति’ अभियान केवल बच्चियों के सहयोग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बाल संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और जनसरोकारों से जुड़े विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों को भी इससे जोड़ा जाएगा।
बैठक में आकांक्षा समिति की सदस्य एवं उप जिलाधिकारी मुख्यालय आकांक्षा गौतम, डॉ. दीप्ति सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विद्या शुक्ला, प्रोबेशन अधिकारी इंद्रावती सहित अन्य संबंधित सदस्य मौजूद रहे।

ये भी पढ़िए