पप्पू यादव, लाल सिंह, दानिश अली… एक दिन में 2 पार्टियों का कांग्रेस में विलय, 2 पूर्व सांसद हुए शामिल

दिल्ली : लोकसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो गया है. ऐसे में सभी नेता और पार्टियां अपनी समीकरण बैठाने में लगे हुए हैं. इसी क्रम में 20 मार्च को तीन बड़े नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया. इनमें पप्पू यादव, दानिश अली और चौधरी लाल सिंह का नाम शामिल है. इस दौरान पप्पू यादव ने अपनी ‘जन अधिकार पार्टी’ का कांग्रेस में विलय कर दिया. वहीं जम्मू-कश्मीर के पूर्व बीजेपी नेता चौधरी लाल सिंह ने भी अपनी पार्टी ‘डोगरा स्वाभिमान संगठन’ का कांग्रेस में विलय कर लिया.

सबसे पहले बात पप्पू यादव की करें तो वह 5 बार के पूर्व सांसद हैं. साथ ही वह पूर्वी राज्य के सीमांचल क्षेत्र में राजनीतिक तौर पर मजबूत पकड़ रखने के लिए जाने जाते हैं. AICC हेडक्वार्टर में कांग्रेस में शामिल होते समय उनके साथ उनके बेटे सार्थक रंजन और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे. 

कांग्रेस में शामिल होने पर क्या बोले पप्पू यादव

पप्पू यादव ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें सम्मान दिया है और वह लोकतंत्र और संविधान को बचाने में मदद करने के लिए और देश में “तानाशाही” के खिलाफ पार्टी की लड़ाई में शामिल हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि पूरे कांग्रेस परिवार ने जो सम्मान दिया है वह हमारे लिए काफी है. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी दोनों ने हमें बहुत सम्मान दिया है. उन्होंने कहा कि अगर किसी ने भारत में लोगों का दिल जीता है, तो वह राहुल गांधी हैं और लोग उन्हें प्यार करते हैं. पप्पू यादव ने कहा कि इस देश और इसके लोकतंत्र को बचाने और संविधान की रक्षा के लिए एक तानाशाह के खिलाफ राहुल गांधी की लड़ाई में शामिल होने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं था. उन्होंने कहा कि हम 2024 का लोकसभा और निश्चित रूप से 2025 का विधानसभा चुनाव जीतेंगे. मैं अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को धन्यवाद देता हूं. मैं कांग्रेस को मजबूत करने के लिए संघर्ष करूंगा और इस संबंध में अपनी पूरी ताकत से काम करूंगा।

ये भी पढ़िए