सोनभद्र: आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2026 की लिखित परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सोनभद्र पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। परीक्षा की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सोमवार को आला अधिकारियों ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
06 केंद्रों पर तीन दिनों तक चलेगी परीक्षा
जनपद में इस परीक्षा के लिए कुल 06 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा का आयोजन 08 जून से शुरू होकर 10 जून 2026 तक तीन दिनों तक दो पालियों में संपन्न होगी। परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
अधिकारियों ने ली सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी
सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार, क्षेत्राधिकारी सदर राज सोनकर और क्षेत्राधिकारी घोरावल राहुल पाण्डेय ने संयुक्त रूप से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, चेकिंग, फ्रिस्किंग, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं को परखा।
कड़ी निगरानी और शांतिपूर्ण परीक्षा के निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा पूरी तरह से नकलविहीन और शांतिपूर्ण वातावरण में होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए।अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

  • कंट्रोल रूम से हर केंद्र पर सतत निगरानी रखी जाए।
    अधिकारियों ने आपसी समन्वय बनाकर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया है, ताकि भर्ती प्रक्रिया की शुचिता बनी रहे।

ये भी पढ़िए