देवदत्तपुर व सोनवार के पहाड़ी इलाकों में चला सर्च ऑपरेशन, चौपाल लगाकर ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
नौगढ़/चन्दौली। पूर्व में नक्सली गतिविधियों से प्रभावित रहे क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चन्दौली पुलिस ने रविवार को बड़ा कांबिंग एवं सर्च ऑपरेशन चलाया। थाना चकरघट्टा क्षेत्र के ग्राम देवदत्तपुर और सोनवार के पहाड़ी एवं जंगलाती इलाकों में पुलिस और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) ने संयुक्त रूप से सघन तलाशी अभियान चलाकर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
थानाध्यक्ष चकरघट्टा महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल और QRT की टीमों ने जंगलों, दुर्गम पहाड़ी रास्तों, पगडंडियों तथा संभावित छिपने वाले स्थानों पर सघन कांबिंग की। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों की संभावित आवाजाही पर नजर रखते हुए क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी किया।
चौपाल लगाकर ग्रामीणों से जाना हाल
कांबिंग अभियान के बाद पुलिस टीम ने दोनों गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों, युवाओं और बुजुर्गों से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि वर्तमान में क्षेत्र का माहौल शांतिपूर्ण है और किसी प्रकार की नक्सली अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति को अपने घर अथवा गांव में पनाह न दें। जंगल या गांव के आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा वस्तु के दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
भयमुक्त माहौल बनाए रखने पर जोर
पुलिस प्रशासन ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और भयमुक्त वातावरण बनाए रखना प्राथमिकता है। नक्सली गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश के लिए कांबिंग, सर्च ऑपरेशन और पेट्रोलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट : मदन मोहन, नौगढ़, चन्दौली

