म्योरपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर हैं। गुरुवार को जय बजरंग सेवा समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों ने लिलासी मोड़ स्थित बजरंग सरोवर छठ घाट पर व्यापक सफाई अभियान चलाया।सफाई के दौरान घाट की झाड़-झंखाड़ और सरोवर की सफाई की गई तथा श्रद्धालुओं के आवागमन के मार्ग को समतल किया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि छठ पर्व पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। ऐसे में घाट की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।जय बजरंग सेवा समिति के अध्यक्ष गणेश जायसवाल ने बताया कि आगामी दिनों में घाट पर प्रकाश व्यवस्था व सजावट का कार्य भी पूरा कर लिया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सफाई अभियान में समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।इस दौरान अमित रावत, सुजीत कुमार अग्रहरी,अंकित अग्रहरी, अमित जायसवाल,ओम अग्रहरी,उज्ज्वल जायसवाल,सुभम सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

