तीन दिवसीय आयोजन को लेकर प्रशासन अलर्ट, पार्किंग, ट्रैफिक, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश
चंदौली (पड़ाव), मदन मोहन। पड़ाव स्थित ऐतिहासिक अघोरपीठ अवधूत भगवान राम आश्रम में आगामी गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। तीन दिवसीय भव्य आयोजन को लेकर आश्रम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, रंग-रोगन तथा सुंदरीकरण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने वाराणसी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आश्रम परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के आवागमन, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान सड़क से लेकर आश्रम के मुख्य प्रवेश द्वार तक मार्गों की मरम्मत, झाड़ियों की सफाई और पेड़ों की छंटाई के कार्य का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आश्रम प्रबंधन से संभावित श्रद्धालुओं की संख्या और उनके लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा बलों की तैनाती, पार्किंग स्थलों का चिह्नांकन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता संबंधी सभी कार्य समय सीमा के भीतर पूर्ण कर लिए जाएं। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था ऐसी सुनिश्चित करने को कहा गया जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान एएसपी अनंत चंद्रशेखर सहित चंदौली और वाराणसी पुलिस-प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी।

