22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां, 23 अक्टूबर को होगा मतदान
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, सुचारु एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर मतपेटिकाओं और अन्य निर्वाचन सामग्री को सुरक्षित वाराणसी पहुंचाने के लिए नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने उप जिलाधिकारी (न्यायिक), दुद्धी मोहम्मद जफर को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इसके तहत 22 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट परिसर, सोनभद्र से पोलिंग पार्टियां संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। 23 अक्टूबर को मतदान संपन्न होने के बाद पोलिंग पार्टियां मतपेटिकाओं एवं अन्य निर्वाचन सामग्री के साथ कलेक्ट्रेट परिसर लौटेंगी।
स्ट्रांग रूम में जमा होंगी मतपेटिकाएं
मतदान के बाद मतपेटिकाओं एवं अन्य निर्वाचन सामग्री को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोढ़ी के स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराने की जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी, रॉबर्ट्सगंज को नोडल अधिकारी तथा तहसीलदार, रॉबर्ट्सगंज को सहायक नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है। यहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतपेटिकाओं एवं निर्वाचन सामग्री को पुलिस अभिरक्षा में वाराणसी ले जाया जाएगा।
सुरक्षित परिवहन और जमा कराने की होगी निगरानी
जनपद सोनभद्र से प्राप्त मतपेटिकाओं एवं अन्य निर्वाचन सामग्री को वाराणसी स्थित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित जमा कराने के लिए नामित नोडल अधिकारी मोहम्मद जफर जनपद सोनभद्र एवं वाराणसी के संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित करेंगे। निर्वाचन सामग्री को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप सुरक्षित पहुंचाने और जमा कराने की जिम्मेदारी उन्हीं की होगी।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा मतपेटिकाओं एवं निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

