(ऋषभ सिंह)सोनभद्र। प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत रविवार को जनपद सोनभद्र में ऐतिहासिक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस वर्ष जिले में 1 करोड़ 67 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की पहल पर जनपद की छह बंजर पहाड़ियों को हरियाली से आच्छादित करने का संकल्प लिया गया, जिससे आने वाले वर्षों में सोनभद्र की प्राकृतिक पहचान और अधिक समृद्ध होगी।
अभियान का शुभारंभ चोपन विकासखंड के ग्राम जुगैल स्थित अंबेडकर पहाड़ी पर हुआ, जहां समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने 10 बीघा भूमि पर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी पौधे लगाए।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि इस वर्ष जुगैल की अंबेडकर पहाड़ी, पनारी की जुड़वानी पहाड़ी, घटिहटा की गड़ई पहाड़ी, रासपहरी की रासपहाड़, गंभीरपुर की सरहद पहाड़ी तथा दुद्धी के नगवा की भवरहवा पहाड़ी पर व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जा रहा है। इन पहाड़ियों पर हरित आवरण विकसित होने से न केवल पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी, बल्कि सोनभद्र की प्राकृतिक सुंदरता भी नए स्वरूप में दिखाई देगी। राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि बढ़ती आबादी और घटते वन क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती हैं। पेड़-पौधे ही हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, फल, औषधियां और स्वच्छ वातावरण प्रदान करते हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ उसकी सुरक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि सरकार पौधरोपण अभियान चला रही है, लेकिन इसकी वास्तविक सफलता तभी होगी जब हर नागरिक पौधों को जीवित रखने की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए ‘पौधों की बारात’ निकाली गई तथा आम, आंवला सहित विभिन्न फलदार पौधों का वितरण किया गया। सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को प्रकृति संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। इसी क्रम में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने म्योरपुर क्षेत्र में पौधरोपण किया। सदर विधायक भूपेश चौबे ने चुर्क एवं रामगढ़ में पौधे लगाए, जबकि घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्य ने घोरावल रेंज के बेरदिया स्थित ग्राम वन वाटिका में एक हजार चिरौंजी के पौधों का रोपण कर अभियान को गति दी। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, ग्राम प्रधान जुगैल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

