सोनभद्र। पुलिस लाइन चुर्क में तीन दिनों तक चली वाराणसी जोन की 43वीं अंतरजनपदीय बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क को पुलिस बल की सबसे बड़ी ताकत बताया।
10 से 12 जुलाई तक आयोजित इस प्रतियोगिता में वाराणसी जोन के सभी जनपदों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का आयोजन निर्धारित नियमों के अनुसार निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराया गया।
एसपी अभिषेक वर्मा ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक मजबूती ही नहीं बढ़ाते, बल्कि नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन कर उत्तर प्रदेश पुलिस की खेल परंपरा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के प्रमुख परिणामों में बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप (पुरुष) में कमिश्नरेट वाराणसी विजेता और आजमगढ़ उपविजेता रहा, जबकि महिला वर्ग में कमिश्नरेट वाराणसी ने खिताब जीता और सोनभद्र उपविजेता रहा। टेबल टेनिस टीम चैंपियनशिप (पुरुष) में मऊ विजेता तथा मिर्जापुर उपविजेता रहा। महिला वर्ग में सोनभद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि जौनपुर उपविजेता रहा।
ओपन प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन पुरुष सिंगल का खिताब कमिश्नरेट वाराणसी के आरक्षी गोविंद यादव ने जीता। महिला सिंगल में कमिश्नरेट वाराणसी की मुख्य आरक्षी रीचा यादव विजेता रहीं। टेबल टेनिस पुरुष सिंगल में जौनपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अतिशय कुमार सिंह विजेता बने, जबकि महिला सिंगल में सोनभद्र की महिला आरक्षी नेहा गिरी ने पहला स्थान हासिल किया। समापन समारोह में प्रतियोगिता के सफल आयोजन में योगदान देने वाले अधिकारियों, निर्णायकों, तकनीकी टीम, आयोजन समिति, टीम प्रबंधकों एवं सभी प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। एसपी ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस कर्मियों में फिटनेस, अनुशासन, समन्वय और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना को और मजबूत बनाते हैं।

