सोनभद्र एक पल में उजड़ गया परिवार: आकाशीय बिजली ने छीनी मां की जिंदगी, चार बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

(जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी)दुद्धी सोनभद्र तहसील के विंढमगंज थाना क्षेत्र अन्तर्गत मुडिसेमर ग्राम पंचायत में बुधवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मुडिसेमर निवासी मुन्नी देवी (32 वर्ष) पत्नी आशीष कुमार उर्फ भोला हलवाई खेत से अपने मवेशियों और बकरियों को लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान अचानक तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


मृतका अपने पीछे पति सहित चार छोटे-छोटे बच्चों—नीतीश कुमार (7 वर्ष), अनिकेत कुमार (6 वर्ष), नैना कुमारी (5 वर्ष) और नंदनी कुमारी (4 वर्ष)—को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग की है। सूचना मिलने पर विंढमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक सुनील राय एवं वीर बहादुर यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया। प्रशासन द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और खेतों में जाने से बचने तथा आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है।

ये भी पढ़िए