नारी सुरक्षा और साइबर अपराधों पर वार, मिशन शक्ति 6.0 से सोनभद्र पुलिस हुई सक्रिय

स्कूल-कॉलेज से बाजार और गांवों तक पहुंच रही पुलिस की टीमें, महिला अधिकारों से लेकर ऑनलाइन ठगी से बचाव तक दी जा रही जानकारी

सोनभद्र,। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 6.0 के तहत जनपदव्यापी जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। वहीं, अक्टूबर माह में चलाए जा रहे विशेष साइबर जागरूकता अभियान के माध्यम से बच्चों, बालिकाओं और आमजन को ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड तथा अन्य साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने के साथ ही आमजन को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति की टीमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं।
महिला अधिकारों और सुरक्षा उपायों की दी जा रही जानकारी
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों, गुड टच-बैड टच, लैंगिक समानता, बाल विवाह की रोकथाम तथा महिला एवं बाल उत्पीड़न से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। पुलिस टीमों द्वारा बालिकाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा असुरक्षा की स्थिति में चुप न रहने और बिना भय के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस का जोर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज में सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर है। हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए साइबर सुरक्षा का पाठ
विशेष साइबर जागरूकता अभियान के तहत पुलिस लोगों को साइबर अपराधियों के नए-नए तरीकों से सतर्क कर रही है। ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट ग्रुप, क्रिप्टोकरेंसी स्कैम और फिशिंग लिंक के जरिए होने वाली धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
पुलिस टीमों द्वारा लोगों को आगाह किया जा रहा है कि वे अपना ओटीपी, बैंकिंग विवरण, पासवर्ड और निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान लोगों के झांसे में आने और बिना जांच-पड़ताल के ऑनलाइन निवेश करने से बचें। सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय भी सतर्कता बरतने तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित एजेंसी को देने की अपील की जा रही है।

साइबर ठगी होने पर तत्काल करें शिकायत

सोनभद्र पुलिस ने साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने और आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी की जानकारी मिलने पर बिना देरी किए शिकायत करना महत्वपूर्ण है।

सुरक्षा के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

112 — आपातकालीन पुलिस सेवा, 1090 / 1091 — महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 181 — महिला हेल्पलाइन, 1930 — साइबर अपराध हेल्पलाइन, 1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
सोनभद्र पुलिस की अपील सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की है। साथ ही आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, अपनी निजी जानकारी सुरक्षित रखने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का आह्वान किया गया है।
पुलिस का संदेश है—नारी का सम्मान, सुरक्षा का अभियान; साइबर अपराध मुक्त समाज, सोनभद्र पुलिस की पहचान।

ये भी पढ़िए