सोनभद्र, । जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर मंगलवार को पूरे जिले में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। गांवों और नगर पंचायतों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, फॉगिंग, हैंडपंपों की मरम्मत और शौचालय निर्माण जैसे कार्य कराए गए, वहीं लोगों को संचारी एवं संक्रामक रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के अनुसार विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ग्राम प्रधानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता अपनाने, साफ पानी का उपयोग करने तथा रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यालयों में संचारी रोगों के प्रति जागरूकता रैलियां निकाली गईं। ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों ने प्रभात फेरियां निकालीं, जबकि ग्राम पंचायत अधिकारियों ने गांवों में सभाएं आयोजित कर लोगों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रेरित किया।
नगर पंचायत क्षेत्रों में वार्डों में फॉगिंग कराई गई तथा नालियों की सफाई कर मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने का प्रयास किया गया। इसके अलावा पशुपालकों को भी पशुओं में फैलने वाले रोगों की रोकथाम और बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। कृंतक नियंत्रण को लेकर बैठकों का आयोजन कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान को पूरी गंभीरता के साथ लगातार जारी रखा जाए, ताकि जनपदवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

