सोनभद्र में चाइनीज मांझे पर सख्ती, व्यापारियों को दी गई चेतावनी

राज्य कर विभाग ने व्यापारी संवाद कार्यक्रम में प्रतिबंधित सिंथेटिक व सीसा लेपित मांझे की बिक्री रोकने का किया आह्वान, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी कार्रवाई की उठी मांग


(अशोक कुमार सिंह)रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र। जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य कर विभाग, सोनभद्र ने शनिवार को बालाजी टावर स्थित राज्य कर कार्यालय में व्यापारी संवाद कार्यक्रम आयोजित कर चाइनीज, सिंथेटिक एवं सीसा लेपित मांझे के निर्माण, भंडारण, बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने का आह्वान किया। अधिकारियों ने व्यापारियों को उच्च न्यायालय के निर्देशों से अवगत कराते हुए स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बताया गया कि चाइनीज व सिंथेटिक मांझे से हर वर्ष दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों, आम नागरिकों, पशु-पक्षियों और विद्युत लाइनों को गंभीर नुकसान पहुंचता है। इन्हीं हादसों को रोकने के लिए शासन स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
व्यापारियों से अपील की गई कि वे किसी भी परिस्थिति में प्रतिबंधित मांझे का निर्माण, भंडारण या विक्रय न करें तथा ऐसी गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें। साथ ही ग्राहकों को भी सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल मांझे के उपयोग के लिए जागरूक करें। बैठक के दौरान व्यापारियों ने बताया कि उनके प्रतिष्ठानों पर प्रतिबंधित मांझे की बिक्री नहीं होती, बल्कि ऐसे उत्पाद ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच रहे हैं। व्यापारियों ने ऑनलाइन बिक्री पर भी प्रभावी रोक लगाने की मांग उठाई। कार्यक्रम में राज्य कर विभाग के अधिकारियों, अधिवक्ताओं और रॉबर्ट्सगंज के व्यापारियों ने जनहित एवं जनसुरक्षा के इस अभियान में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि सामूहिक जागरूकता और विभागीय समन्वय से ही प्रतिबंधित एवं घातक मांझे की बिक्री और उपयोग पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

ये भी पढ़िए