बिजली विभाग की लापरवाही ने ली बुजुर्ग व्यापारी की जान, पोल में उतर रहे करंट से मौके पर मौत

रिपोर्ट मदन मोहन (चन्दौली)।कस्बा नौगढ़ में आज सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ विद्युत विभाग की घोर लापरवाही के कारण एक प्रतिष्ठित बुजुर्ग व्यापारी की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
झाड़ू लगाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कस्बा नौगढ़ निवासी 65 वर्षीय व्यापारी मंगल केसरीआज सुबह अपने घर के समीप झाड़ू लगा रहे थे। इसी दौरान उनका हाथ पास में ही लगे एक विद्युत पोल (बिजली के खंभे) से छू गया। खंभे में तेज करंट उतर रहा था, जिसकी चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय नागरिकों और परिजनों का आरोप है कि उक्त बिजली के खंभे में काफी समय से करंट उतर रहा था, जिसकी शिकायत या जानकारी होने के बावजूद विद्युत विभाग ने इसे पूरी तरह नजरअंदाज किया। विभाग की इसी उदासीनता और लापरवाही के कारण आज एक बेकसूर बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी।
मौके पर पहुँची पुलिस, जाँच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पंचनामा/पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन द्वारा घटना के कारणों और विभाग की लापरवाही के पहलुओं की गहनता से जाँच की जा रही है।
परिजनों में कोहराम, कस्बे में शोक
इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कस्बे के एक वरिष्ठ व्यापारी की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे नौगढ़ बाजार में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और व्यापार मंडल ने इस मामले में दोषी विद्युत कर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की वहीं थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि घटना की जानकारी है परंतु अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है तहरीन मिलने के बाद कार्यवाही की जाएगी।

ये भी पढ़िए