अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो की मौत, महिला-बच्चा घायल

मधुपुर। वाराणसी-शक्तिनगर हाइवे पर मधुपुर फ्लाईओवर के समीप बन्तरा गांव के पास सोमवार को पीछे से अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक पर सवार चार लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक बुजुर्ग महिला सहित दो लोगों की मौत हुई, जबकि बाइक पर सवार एक महिला और सात वर्षीय बच्चा घायल हो गए। हादसे के बाद टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर सुकृत पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों एवं मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल बच्चे की हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


बताया गया कि कोतवाली क्षेत्र के परही गांव निवासी सुभाष यादव (27) पुत्र रमेश अपने रिश्तेदार के यहां सुकृत गया था। वहां से वह तेतरा देवी (70) पत्नी स्व. छोटक, सात वर्षीय आर्यन और उसकी मां के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर मधुपुर के लिए निकला था।
मधुपुर फ्लाईओवर के समीप बन्तरा गांव के पास पहुंचते ही पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुभाष यादव और तेतरा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल महिला ने पुलिस को बताया कि टक्कर मारने वाला वाहन काले रंग की बस थी, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गई।
पुलिस ने घटना की जानकारी के आधार पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के जरिए टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान कर उसकी तलाश की जा रही है।

ये भी पढ़िए