महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी 24 अगस्त को सोनभद्र आएंगी

छात्राओं से संवाद, महिला चिकित्सालय व बालगृह का करेंगी निरीक्षण; दोपहर में महिला जनसुनवाई

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं उप मंत्री स्तर प्राप्त श्रीमती चारु चौधरी 24 अगस्त को सोनभद्र के दौरे पर रहेंगी। अपने भ्रमण के दौरान वह महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़ी व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखेंगी। इसके साथ ही छात्राओं से संवाद, महिला चिकित्सालय एवं बालगृह का निरीक्षण करने के साथ महिलाओं की समस्याओं की सुनवाई भी करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्रीमती चारु चौधरी सुबह 10:30 बजे विन्ध्य कन्या डिग्री कॉलेज, पुसौली, राबर्ट्सगंज पहुंचेंगी। यहां वह छात्राओं से संवाद कर उनकी शिक्षा, सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और अन्य विषयों से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी लेंगी।
इसके बाद वह जिला महिला चिकित्सालय, राबर्ट्सगंज का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान महिला मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था, साफ-सफाई, आवश्यक संसाधनों तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाएगा।
दोपहर 1 बजे सर्किट हाउस में महिला जनसुनवाई आयोजित होगी। इसमें महिलाएं अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर सकेंगी। आयोग की उपाध्यक्ष संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देंगी।
वहीं, शाम 5:15 बजे बालगृह (बालिका), इन्द्रपुरी कॉलोनी, राबर्ट्सगंज का निरीक्षण किया जाएगा। यहां बालिकाओं के रहने, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी जाएगी।
महिला आयोग की उपाध्यक्ष का यह भ्रमण महिला एवं बालिकाओं से संबंधित योजनाओं और व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के साथ उनकी सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ये भी पढ़िए