सोनभद्र। देश के 112 आकांक्षी जिलों में शामिल सोनभद्र की माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 13 नये हाईस्कूल खुलेंगे। ये हाईस्कूल उन सुदूर इलाकों में खोले जाएंगे, जहां से बच्चों को आठवीं से आगे की पढ़ाई के लिए दूर जाना पड़ता है।
पहले से स्थापित 11 हाईस्कूल को इंटर कॉलेज में तब्दील किया जाएगा। इसमें कला, विज्ञान, वाणिज्य की पढ़ाई होगी।
आदिवासी बहुल जिला शिक्षा के मामले में काफी पिछड़ा है। कई इलाके ऐसे हैं, जहां आज भी स्कूल के अभाव में बच्चे माध्यमिक शिक्षा ग्रहण नहीं कर पाते। उन्हें आठवीं के बाद पढ़ने के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। आवागमन के साधन सुलभ न होने से उनकी पढ़ाई छूट जाती है। खास तौर से लड़कियों के लिए यह समस्या काफी जटिल है। उनका ड्राॅप आउट अनुपात काफी अधिक है। सुदूर इलाकों के बच्चों की शिक्षा की राह आसान करने के लिए शासन ने 13 नये हाईस्कूल खोलने की मंजूरी दी है। गांव के उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालय के पास ही नए हाईस्कूल का निर्माण होगा। प्रत्येक हाईस्कूल के निर्माण के लिए शासन ने 1.49 करोड़ रुपये की धनराशि की स्वीकृत दी है।
दूसरी ओर 11 हाईस्कूलों को राजकीय इंटर कॉलेज में भी तब्दील करने की भी मंजूरी मिली है। प्रत्येक इंटर कॉलेज के निर्माण पर 2.21 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें से 1.10 करोड़ रुपये की पहली किस्त शासन ने जारी भी कर दी है। इंटर कॉलेज में कला, वाणिज्य और विज्ञान की पढ़ाई की सुविधा होगी। इसके लिए आवश्यक संसाधन भी प्रदान किए जाएंगे। भवन निर्माण के लिए सीएनडीएस को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। शिक्षण सत्र 2025-26 से इसमें पढ़ाई शुरू करने का लक्ष्य है।
यहां बनेंगे नये हाईस्कूल
इसमें कंपोजिट विद्यालय रिजूल, कंपोजिट विद्यालय बेलागढ़, कंपोजिट विद्यालय कमारीडांड, पूर्व माध्यमिक विद्यालय बहेराडोल शामिल हैं।
इसके अलावा कंपोजिट विद्यालय बोकारखंडी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय चारकोनवा, कंपोजिट विद्यालय पाटी, उच्च प्राथमिक विद्यालय मचबंधवा शामिल हैं। पूर्व माध्यमिक विद्यालय नेमना, पूर्व माध्यमिक विद्यालय खजुरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर, उच्च प्राथमिक विद्यालय कनछ, कंपोजिट विद्यालय बागेसोती भी शामिल हैं।
यह हाईस्कूल उच्चीकृत होकर बनेंगे इंटर कॉलेज
जिन हाईस्कूलों को इंटर कॉलेज में तब्दील करना है, उसमें राजकीय हाईस्कूल सिधहवा, राजकीय हाईस्कूल पनारी, राजकीय कन्या हाईस्कूल झारोकला, राजकीय हाईस्कूल जुगैल, राजकीय कन्या हाईस्कूल गोठानी, राजकीय कन्या हाईस्कूल चतरा, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय इकदीरी, राजकीय हाईस्कूल चिचलिक, राजकीय कन्या हाईस्कूल सुअरसोत, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हिनौती, राजकीय हाईस्कूल सागोबांध का चयन किया गया है।
जिले में 13 नये हाईस्कूल खोलने और पहले से संचालित 11 हाईस्कूल को इंटर में तब्दील करने की मंजूरी मिली है। शासन ने कार्यदायी संस्था नामित करते हुए धनराशि जारी की है। सीएनडीएस को 11 इंटर कॉलेज का निर्माण कराना है। इसके लिए अनुबंध की प्रक्रिया की जा रही है। येए इंटर कॉलेज का निर्माण नौ माह में पूरा करना है। वर्ष 2025-26 से इसका संचालन शुरू करने का लक्ष्य है। – जयराम सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक।

