करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

सिंचाई के लिए बिजली का तार जोड़ते समय हुआ हादसा, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित


दुद्धी (सोनभद्र)। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के सरडीहा गांव में सोमवार सुबह सिंचाई के लिए बिजली का तार जोड़ते समय करंट लगने से एक 36 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सरडीहा निवासी बीरबल (36) पुत्र लक्ष्मण सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे खेत की सिंचाई के लिए बिजली का तार जोड़ रहे थे। इसी दौरान वह अचानक प्रवाहित हो रहे तेज करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल की सूचना पर दुद्धी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक बीरबल अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और दो बेटियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वह मेहनत-मजदूरी और खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनकी असमय मौत से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे सरडीहा गांव में मातम पसरा हुआ है।

ये भी पढ़िए