वृद्ध महिला को जहरीले सांप ने डसा, हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर

जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी (सोनभद्र)। कस्बे से सटे मल्देवा गांव में गुरुवार दोपहर गांव के पूर्व प्रधान रामफल यादव की 70 वर्षीय मां फुलवंती देवी को घर के पास स्थित हैंडपंप से नहाकर लौटते समय किसी अज्ञात विषैला सांप ने काट लिया। घटना दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है।
सांप के काटने की जानकारी मिलने पर परिजन आनन फानन में महिला को निजी साधन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लेकर पहुंचे।जहां सीएचसी चिकित्सक डॉ. मनोहर सिंह की देखरेख में तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। हालांकि, बुजुर्ग महिला की बिगड़ती हालत और जहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉ. मनोहर सिंह ने बताया कि मरीज को सीएचसी लाते ही आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन स्थिति चिंताजनक होने के कारण उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है।

ये भी पढ़िए