शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और सिंचाई के सपने को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
दुद्धी, सोनभद्र। सामाजिक सेवा, समर्पण और त्याग के माध्यम से जनमानस पर अमिट छाप छोड़ने वाले स्वर्गीय प्रेम भाई के 91वें जन्मदिवस पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनकी स्मृतियां साझा करते हुए शिक्षा, चिकित्सा, हर हाथ को काम, हर खेत को पानी और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को स्वावलंबी बनाने के उनके विचारों को जीवंत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाऊराव देवरस राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुद्धी के प्राचार्य राजेश कुमार भारती ने कहा कि प्रेम भाई ने रासायनिक खेती से दूर जैविक खेती को बढ़ावा देकर स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन का संदेश दिया। उन्होंने गरीब, गुरबत और वंचित वर्ग की सदैव चिंता की। गोविंद बल्लभ पंत सागर परियोजना में वर्ष 1973 में सचिव के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अमरनाथ जायसवाल ने कहा कि प्रेम भाई ने बिहार, उड़ीसा, तत्कालीन मिर्जापुर जनपद सहित देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में मानव सशक्तिकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य किया। वहीं विशिष्ट अतिथि रामेश्वर प्रसाद राय ने तत्कालीन बिहार राज्य के डालटनगंज क्षेत्र में बंधी निर्माण सहित विभिन्न कार्यों में उनके श्रमदान और सेवा भावना से जुड़ी स्मृतियां साझा कीं।
वरिष्ठ अधिवक्ता रामलोचन तिवारी ने कहा कि प्रेम भाई ने बनवासी सेवा आश्रम के उत्थान तथा आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन पर भौमिक अधिकार की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए। उन्होंने बताया कि प्रेम भाई आठ-नौ भाषाओं के ज्ञाता थे। इस दौरान छात्रावास के लिए स्थान चयन सहित अनेक पुरानी स्मृतियों को भी साझा किया गया।
एल्डर कमेटी चेयरमैन प्रेमचंद यादव ने छोटे-छोटे बंधी निर्माण, पाठशालाओं की स्थापना तथा परियोजना से प्रभावित लोगों को धारा-20 की जमीन के मुआवजे से जुड़े प्रयासों पर प्रकाश डाला। डॉ. वीर अभिमन्यु सिंह ने प्रेम भाई की स्मृतियों से जुड़ी काव्य रचना प्रस्तुत करते हुए उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पांडे ने प्रेम भाई के सामाजिक कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। स्वच्छता मिशन ब्रांड एंबेसडर जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी ने आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के गरीब, शोषित एवं वंचित लोगों के उत्थान तथा भूमि हकदारी मोर्चा के माध्यम से भौमिक अधिकार की लड़ाई में प्रेम भाई के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रेम भाई ने क्षेत्र की प्रतिभाओं को पहचानने, निखारने और आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बनवासी सेवा आश्रम की मंत्री सुभा बहन ने पिता के जन्मदिवस पर उनके विचारों एवं स्मृतियों को साझा करने वाले सभी वक्ताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने शोषित, वंचित एवं आदिवासी क्षेत्र के लोगों को विभिन्न मुकदमों में न्याय दिलाने के लिए अधिवक्ताओं के संयुक्त पैनल के गठन में सहयोग का आह्वान किया। राखी जायसवाल ने सिलाई मशीन कार्य एवं योग प्रशिक्षण शुरू कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में जिला संघ चालक रविन्द्र जायसवाल, शिव शंकर गुप्ता एडवोकेट, देवनाथ भाई, विमल भाई, चित्रांगन दुबे, रामजी पाण्डेय, धरमु सिंह, संतोष जायसवाल, कृष्ण मुरारी पांडे, अनुप कुमार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी

