सीएसआर से संवरेंगी सोनभद्र की शिक्षा-स्वास्थ्य सेवाएं, जनसुविधाओं को मिलेगा नया आयाम

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने पांच प्रमुख सीएसआर कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश

सोनभद्र। जनपद में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने बुधवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में पांच प्रमुख सीएसआर कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में एनसीएल सिंगरौली, एनसीएल बीना, एनसीएल खड़िया, एनटीपीसी शक्तिनगर एवं एनटीपीसी रिहन्द के प्रतिनिधि शामिल हुए।
जिलाधिकारी ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत कंपनियों को भेजे गए विभिन्न जनहितकारी प्रस्तावों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सीएसआर की राशि ऐसे कार्यों पर खर्च की जाए, जिनसे आम जनता के जीवन में प्रत्यक्ष, सकारात्मक और स्थायी बदलाव आए। उन्होंने प्रस्तावों पर शीघ्र निर्णय लेते हुए कार्यों को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
बैठक में जनसुनवाई भवन के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण, जीरो पावर्टी अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को आयरन किचन किट और आयरन युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने, बढ़ौली चौराहे के समीप ओपन जिम निर्माण तथा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को दो एम्बुलेंस उपलब्ध कराने सहित कई प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक आधुनिक चिकित्सकीय उपकरण उपलब्ध कराने के साथ फाइलेरिया प्रभावित मरीजों के रुग्णता प्रबंधन एवं दिव्यांगता की रोकथाम के लिए एमएमडीपी मोबाइल केयर यूनिट की स्थापना को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
शिक्षा क्षेत्र में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि इससे छात्राओं को बेहतर और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी श्री गौड़ ने कहा कि सीएसआर केवल संसाधन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे जनपद की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप स्थायी एवं परिणामपरक विकास का माध्यम बनाया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कंपनी प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वि./रा. वागीश कुमार शुक्ला, अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी रमेश मिश्रा, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यमी मिश्र नितिन प्रकाश सिंह सहित विभिन्न सीएसआर कंपनियों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए