दिव्यांग बच्चों की शिक्षा के साथ कौशल विकास पर भी दें विशेष ध्यान : सीडीओ

बचपन डे केयर सेंटर का सीडीओ जागृति अवस्थी ने किया निरीक्षण, शिक्षण-प्रशिक्षण व सुविधाओं का लिया जायजा


सोनभद्र,। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित बचपन डे केयर सेंटर, एल-2 भवन लोढ़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही शिक्षण-प्रशिक्षण व्यवस्था और विभिन्न सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली।
सीडीओ ने कक्षाओं का निरीक्षण कर बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों एवं प्रशिक्षण की प्रगति के संबंध में अध्यापकों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता का भी अवलोकन किया। साथ ही बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही ड्रेस, बैग, कॉपी-किताब सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति भी जानी।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि बचपन डे केयर सेंटर का संचालन नियमित एवं बेहतर ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों की शैक्षणिक जरूरतों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षण-प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ उनकी प्रतिभा और कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने नवाचार आधारित गतिविधियों एवं प्रभावी प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास किए जाएं, जिससे दिव्यांग बच्चे अपनी प्रतिभा को निखारते हुए अधिक सक्षम और आत्मनिर्भर बन सकें।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी श्रीमती दिव्यां शुक्ला, बचपन डे केयर सेंटर के समन्वयक राहुल कुमार सिंह सहित समस्त अध्यापक एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़िए