सोनभद्र। सेवा, सुशासन और विकास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उनसे आमजन को मिले लाभों की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाई जाएगी।
अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी श्री चर्चित गौड़ ने बुधवार शाम संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों को “विकसित भारत-2047” के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान केवल कार्यक्रम आयोजित करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप समय से कार्ययोजना तैयार करने और आपसी समन्वय से कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी पात्र लाभार्थियों एवं आमजन तक पहुंचाई जाए। कार्यक्रमों को जनोपयोगी, प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण स्वरूप में आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वि./रा. वागीश कुमार शुक्ला, अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, मुख्य चिकित्साधिकारी रमेश मिश्रा, उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार चौधरी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

