बभनी/सोनभद्र (अरुण पांडेय)बभनी (सोनभद्र)। वन क्षेत्र के चकबदगरीसानी गांव में आठ बीघे वन विभाग की कीमती जमीन पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण का मामला सामने आया है। पांगन नदी के किनारे स्थित लगभग आठ बीघे वन भूमि पर अवैध रूप से धान की फसल रोप दी गई है। आरोप है कि जब स्थानीय ग्रामीण ने इसकी शिकायत की, तो उस पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जाने लगा।
बभनी ब्लॉक के मुनगाडीह निवासी शिकायतकर्ता महेंद्र कुमार ने प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) रेणुकूट से लिखित शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है। महेंद्र कुमार का कहना है कि वन विभाग की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा करना गंभीर कानूनन अपराध है। उन्होंने मांग की है कि नदी किनारे की इस सरकारी भूमि से अवैध खेती और अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा भूमि को वन विभाग के संरक्षण में लेकर सुरक्षित किया जाए।
दूसरी ओर, इस संवेदनशील मामले में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) रेणुकूट कमल कुमार के अंदर मामले को लेकर शिथिलता नजर आ रही है। मामले पर पूछे जाने पर उनकी ओर से कोई स्पष्ट या ठोस प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिससे अधिकारियों की मंशा और कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के बजाय मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

