प्रसव के बाद बिगड़ी प्रसूता की तबीयत, सीएचसी दुद्धी लाने पर डॉक्टरों ने घोषित किया मृत, पुलिस जांच में जुटी


जितेन्द्र कुमार चन्द्रवंशी दुद्धी सोनभद्र।स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम मधुबन के टोला बरहापान में एक प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सूचना पर सीएचसी दुद्धी पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार मृतका सीता कुमारी (20) पत्नी संजय कुमार ने 4 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे घर पर ही एक स्वस्थ बच्चे को नॉर्मल डिलीवरी में जन्म दिया था। प्रसव के बाद जच्चा बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ थे। हालांकि, 5 सितंबर की दोपहर अचानक सीता को सांस लेने में दिक्कत के साथ सर्दी खांसी की शिकायत हुई।
पति संजय ने बताया कि 5 सितंबर की रात तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्होंने एम्बुलेंस को फोन किया, लेकिन एम्बुलेंस उपलब्ध न होने पर देर रात करीब 2 बजे निजी भाड़े की गाड़ी से दुद्धी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अन्यत्र जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया गया कि निजी कारणों और आर्थिक समस्याओं के चलते परिजन प्रसूता को जिला अस्पताल न ले जाकर वापस घर ले आए। परिजनों का कहना है कि घर पर कुछ दिनों तक स्थिति सामान्य रही, लेकिन बुधवार की दोपहर बाद सीता की तबीयत दोबारा बिगड़ने लगी। देखते ही देखते हालत बेहद गंभीर हो गई।
गुरुवार तड़के करीब 4 बजे परिजन सीता को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचे, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी प्रशासन से मिली सूचना के आधार पर स्थानीय पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
परिजनों ने बताया कि सीता और संजय पिछले 5 वर्षों से प्रेम संबंध में थे और एक साथ रह रहे थे। मृतका का नवजात शिशु पूरी तरह सुरक्षित है और परिजनों की देखरेख में है।

ये भी पढ़िए